गढ़मुक्तेश्वर। गांव अठसैनी स्थित एक फार्म से रात के समय करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 12 बकरे चोरी हो गए। पीड़ित ने चार संदिग्धों पर बकरे चोरी कर ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव अठसैनी निवासी फहद ने बताया कि 31 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे सफेद रंग की कार फार्म पर पहुंची। पीड़ित का आरोप है कि कार में चार लोग सवार थे। संदिग्धों ने फार्म से 12 बकरे चोरी कर लिए और कार से भाग गए। पीड़ित के अनुसार चोरी किए गए बकरों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।
फहद का कहना है कि घटना के दौरान फार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही कार की फुटेज भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित ने तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की घटना का खुलासा कर बकरे बरामद कराने की मांग की है। सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच कराई जा रही है।