सीएमओ के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले चिकित्साधिकारी, स्टॉफ नर्स
हापुड़/पिलखुवा। मुख्य चिकित्साधिकारी के निरीक्षण में बृहस्पतिवार को एक चिकित्साधिकारी समेत तीन स्टॉफ नर्स व एक लैब असिस्टेंट अनुपस्थित मिले। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही उन्होंने गंदगी पर चिकित्सकों को कड़ी फटकार लगाई।
सीएमओ डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि सपनावत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश व स्टॉफ नर्स अनुपस्थित मिले। जबकि उन्होंने कोई अवकाश नहीं लिया था। वहां व्याप्त गंदगी पर भी सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद पिलखुवा सीएचसी पर भी दो स्टॉफ नर्स व एक लैब असिस्टेंट अनुपस्थित मिला। समाना पीएचसी पर गंदगी पर चिकित्सकों को सीएमओ ने कड़ी फटकार लगाई। कस्तला के सरकारी अस्पताल में भी काफी गंदगी देखने को मिली। सीएमओ ने अनुपस्थित स्टॉफ से स्पष्टीकरण मांगा है, साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पिलखुवा में सीएमओ डॉ. राजवीर सिंह करीब एक बजे रेलवे रोड स्थित सीएचसी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले परिसर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों के आवास आदि की जानकारी ली। इसके बाद वह सीएचसी प्रभारी के कक्ष पहुंचे और ड्यूटी रजिस्टर चेक किया। इस दौरान तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने वार्ड के आलमारी में रखी दवाओं की एक्सपायरी डेट भी चेक की। साथ ही उन्होंने जनरल वार्ड के बेड के पाए में बोल्ट लगवाने, उपकरण और सामानों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। इससे पहले सीएमओ राजवीर सिंह ने गांव समाना, फगौता सपनावत व कांवी समेत सात गांवों में स्वास्थ्य उप केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अव्यवस्था पर अधीक्षकों को जमकर फटकार लगाई। शौचालय सहित परिसर में लगे टाइल्स आदि पर गंदगी देख सीएमओ भड़क उठे और अपने सामने सफाई कराई। सीएमओ ने बताया कि उन्होंने अस्पताल परिसर में लाइट की उचित व्यवस्था करने और साफ-सफाई को लेकर हिदायत दी है। दोबारा जांच में गंदगी मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।