गंगा टापू पर पालेज बोने का विरोध
- गंगा विचार मंच ने की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा विचार मंच कार्यकर्ताओं ने गंगा की जलधारा के बीच रेतीले टापू पर पॉलेज की बुआई न रोके जाने के विरोध में मुख्यमंत्री समेत कमिश्नर को पत्र भेजा है। बताया कि इससे जलीय जीवों को नुकसान पहुंचता है।
गंगा विचार मंच के ग्राम अध्यक्ष महेश केवट के नेतृत्व में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री समेत मेरठ कमिश्नर को पत्र भेजे हैं, जिनमें उल्लेख किया है कि जल स्तर कम होने से गंगा की जलधारा के बीच अस्थाई टापू बन गए हैं। इनमें आसपास के गांवों में रहने वाले कुछ दबंग लोग अवैध रूप से पालेज की बुआई कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त किसान फसल में जहरीली दवाओं, कीटनाशक और रासायनिक खाद का प्रयोग करते हैं, जिससे गंगा में प्रदूषण बढ़ने के साथ ही जलधारा में रहने वाली मानवमित्र डॉल्फिन, मछली, कछुए समेत अन्य दुर्लभ प्रजाति के जलीय जीवों को भी खतरा बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पालेज की बुआई से रोकने पर आरोपी उन्हें भुगत लेने की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द कार्रवाई न होने पर तहसील मुख्यालय का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी है। तहसीलदार मनोज कुमार सिंह का कहना है कि रामसर साइट में गंगा के बीच रेतीले टापू पर पालेज की फसल बोने पर पूरी तरह रोक है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।