गांव कनिया कल्याणपुर में गिरा विधवा का मकान
हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर में सोमवार रात एक विधवा के मकान की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य उस समय आंगन में सो रहे थे। ग्रामीणों ने गरीब के लिए मुआवजे की मांग की है।
गांव कनिया कल्याणपुर निवासी वृद्धा मोना के पति नवाब खां का कई साल पहले कैंसर के कारण देहांत हो चुका है। इसके बाद से मोना जैसे तैसे अपने परिवार का लालन-पालन कर रही है। उसके दो पुत्र भी मजदूरी करते हैं और कच्ची छत के मकान में रहते हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मकान की छत कमजोर पड़ गई। सोमवार को परिवार के सदस्य घर पर सो रहे थे। इसी दौरान मकान के एक हिस्से की छत गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान परिवार के सदस्य दूसरे स्थान पर सो रहे थे। मोना ने बताया कि प्रधान और सचिव को मकान बनवाने के लिए कई बार कहा जा चुका है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके कारण यह हादसा हो गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए सहायता की मांग की है। एसडीएम सत्यप्रकाश ने नियमानुसार सहायता की बात कही है।