खाद का सैंपल फेल होने पर किसान ने किया मुकदमा
हापुड़। कृषि विभाग की छापेमारी के दौरान भरे गए खाद के सैंपल फेल होने के मामले में गांव धनौरा निवासी एक किसान ने मामला दर्ज कराया है। घटिया गुणवत्ता के खाद से किसानों की लाखों की फसल चौपट होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई के लिए न्यायालय में मुकदमा किया है।
बीते दिनों कृषि विभाग के अफसरों ने बुलदंशहर रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमार कार्रवाई कर खाद के सैंपल भरे थे। इसमें से कई सैंपल फेल हो गए थे। हालांकि कंपनी की ओर से पुन: परीक्षण की याचिका डाली गई थी। उस दौरान गोदाम से समितियों पर खाद भेजा गया था।
गांव धनौरा निवासी शिवकुमार त्यागी ने बताया कि उस दौरान समितियों से जो खाद किसानों को दिया गया था, उसकी गुणवत्ता काफी खराब थी। इससे किसानों की लाखों की फसल खराब हो गई, वह भी भुक्तभोगी हैं।
उन्होंने बताया कि खाद के सैंपल फेल होने के बाद भी कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। किसानों को मिलावटी खाद के कारण चौपट फसल का मुआवजा मिलना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने एक सहकारी समिति व खाद कंपनी पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोर्ट में याचिका डाली है।