संक्रमित दाल से बेसन तैयार करने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ हुआ
गढ़मुक्तेश्वर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को एक चक्की पर छापा मारा। चक्की पर संक्रमित दाल से बेसन तैयार किया जा रहा था वहीं बिना लाइसेंस के स्पेलर चलता मिला। अधिकारियों ने तेल व बेसन का नमूना लेकर जांच को प्रयोगशाला भेजा।
गढ़ के नक्का कुआं रोड पर कोतवाली के सामने राजेंद्र कुमार की चक्की पर एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी और सीओ अशोक शुक्ल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान चक्की में चने की संक्रमित दाल से बेसन तैयार किया जा रहा था, जिसमें कीड़े चलते हुए देख अफसर भी दंग रह गए। इसके अलावा चक्की में किसी भी लाइसेंस के बिना सरसों का तेल भी निकाला जा रहा था। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ पवन कुमार की देखरेख में सीएफएसओ कमलुद्दीन और एफएसओ संदीप कुमार ने बेसन और सरसों के तेल के नमूने लेकर उन्हें सील करते हुए जांच को प्रयोगशाला भेज दिया गया। एसडीएम ने बताया कि चक्की संचालक का भाई राशन डीलर भी है, जिसको लेकर यह सूचना मिली थी कि चक्की पर अवैध ढंग से राशन के गेहूं की पिसाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि चक्की में गेहूूं के तीन छोटे बोरे भी बरामद हुए हैं, जिनकी आपूर्ति निरीक्षक से जांच कराई जाएगी और अगर संबंधित गेहूं सरकारी राशन से जुड़ा पाया गया तो फिर इस संबंध में भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि करीब एक कुंतल चने की संक्रमित दाल को भी मौके पर ही नष्ट करा दिया गया है।
डीओ पवन कुमार ने बताया कि मेरठ से नमकीन के पैकेट लेकर आ रहे एक ट्रक से भी सैंपल लिए गए हैं, जबकि गढ़ चौपला पर अंबेडकर गेट के पास किराना व्यापारी महेश चंद की दुकान से सॉस के नमूने लेकर उन्हें जांच को लखनऊ प्रयोगशाला भिजवाया गया है। जहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापे की सूचना से मचा हड़कंप
पुलिस प्रशासन के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा की गई छापामारी की भनक लगते ही गढ़ समेत चौपला, ब्रजघाट, सिंभावली, बक्सर, डेहरा कुटी, बहादुरगढ़, नानपुर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। किराना और हलवाई की अधिकांश दुकानों को आनन फानन में बंद कर व्यापारी मौके से नदारद हो गए।