आठ करोड़ से होगा शहर का विकास
हापुड़। नगर पालिका परिषद ने शहर के विकास का खाका तैयार कर लिया है। शहर को जलभराव से मुक्ति दिलाना नगर पालिका की प्राथमिकता होगी। इसके लिए शहर में तीन प्रमुख नालों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली गढ़ रोड के डिवाइडर का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा, इसके लिए आठ करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया है। इसी माह होने वाली बोर्ड बैठक में ये प्रस्ताव रखे जाएंगे। प्रस्ताव पास होने के बाद कार्य शुरू होगा।
बरसात के दिनों में शहर में जलभराव यहां की प्रमुख समस्या है। नाले संकरे और ऊपर से खुले हुए होने के कारण जहां पानी की निकासी नहीं हो पाती, वहीं इससे गंदगी और दुर्घटनाओं का भी डर बना रहता था। लेकिन नगर पालिका ने इस समस्या से निजात के लिए योजना बना ली है। नगर पालिका शहर में चार मुख्य नालों का निर्माण करायेगी। बड़ी बात यह है कि इन नालों को आरसीसी से कवर्ड किया जाएगा। इन नालों के निर्माण में करीब डेढ़ करोड़ की लागत आएगी। इसमें दिल्ली रेलवे लाइन से बीएसएनएल तक 70 लाख, राजीव एंकलेव का नाला,125 मीटर की लागत 30 लाख तथा रेलवे लाइन से गढ़ की ओर, 200 मीटर की लागत 55 लाख रखी गई है।
गढ़ दिल्ली रोड का होगा सुंदरीकरण
रेलवे रोड की तरह ही इस बार गढ़ दिल्ली रोड का सुंदरीकरण किया जाएगा। पहले चरण में मेरठ तिराहा स्थित बाबा साहेब की मूर्ति से लेकर गढ़ रोड फ्लाई ओवर तथा इसके बाद दूसरे चरण में मेरठ तिराहे से सबली मंदिर तक डिवाइडर का सुंदरीकरण होगा। इसके अलावा डिवाइडर पर फैसिंग लाइटें तथा पौधे आदि भी लगवाए जाएंगे।
चौराखी शमशान घाट का होगा जीर्णोद्धार
स्वर्ग आश्रम रोड स्थित चौराखी शमशान घाट का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा। भुगतान समय से न होने तथा अनुबंध के अतिरिक्त कार्य करने से कार्यदायी संस्था का इंकार करने के चलते टेंडर निरस्त कर दिया गया। रिटेंडरिंग के बाद मार्च तक इसका कायाकल्प किया जायेगा।
कोट-
नगर पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत का कहना है कि नालों और डिवाइडर के सुंदरीकरण के अलावा शहर की कालोनियों की अधिकतर सड़कों का निर्माण पूरा कराया जाएगा।
- नगर पालिका बनाएगी तीन मुख्य नाले, जलभराव से मिलेगी निजात
- गढ़ दिल्ली रोड के डिवाइडरों का होगा सुंदरीकरण, बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव