खेत पर जा रहे अधेड को कार ने रौंदा, मौत
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में खेतों पर जा रहे अधेड़ किसान की साइकिल को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान ने उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। किसान की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं घटना के बाद अनियंत्रित कार बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे कार चालक समेत महिला भी घायल हो गई।
सिंभावली क्षेत्र के गांव फरीदपुर सिंभावली निवासी ग्रंथ सिंह(55 वर्ष) रविवार की सुबह करीब छह बजे साइकिल पर सवार होकर हाइवे के दूसरी तरफ स्थित अपने खेतों पर जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे ग्रंथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं साइकिल को टक्कर मारने के बाद चालक नरेंद्र निवासी रोहतक, हरियाणा कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे कार चालक समेत उसमें सवार एक महिला भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन ग्रंथ सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के बेटे विनय कुमार ने सिंभावली थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी का कहना है कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच की जा रही है। कार चालक और महिला को चिकित्सकों ने गंभीर हालत में हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है।