राशन की कालाबाजारी रोकने को शासन सख्त
- जिले में टीमें गठित, राशन की दुकानों का निरीक्षण कर जांचा जा रहा स्टॉक
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। गरीबों का राशन सही लोगों को मिले इसके लिए शासन सख्त नजर आ रहा है। कालाबाजारी न हो इसके लिए आपूर्ति विभाग को राशन की दुकानों में मौजूद स्टॉक की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा टीमें गठित कर राशन की दुकानों की जांच कराई जा रही है।
राशन की दुकानों पर कालाबाजारी कोई नई बात नहीं है। आए दिन दुकानों पर राशन न मिलने व इसके कालाबाजारी की शिकायतें मिलती रहती हैं। पीओएस मशीनें लगाए जाने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में अब शासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शासन ने आपूर्ति विभाग को राशन की दुकानों का स्टॉक व वितरण की स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जिले में आपूर्ति विभाग द्वारा छह टीमें गठित कर राशन की दुकानों की जांच शुरू कर दी गई है। टीमें दुकानों का औचक निरीक्षण कर यहां गेहूं, चावल व अन्य खाद्य पदार्थों की जानकारी जुटा रही है। वितरण की स्थिति के बारे में भी जांच की जा रही है।
जिला आपूर्ति अधिकारी राजेश कुमार कहना है कि टीमें गठित कर जांच कराई जा रही है। कोई कमी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।