ई-डिस्ट्रिक्ट में प्रदेश स्तर पर टॉप आया हापुड़
हापुड़। ई-डिस्ट्रिक्ट के तहत सरकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने व पात्रों को प्रमाण पत्र जारी करने में हापुड़ ने एक बार फिर प्रदेश में टॉप स्थान प्राप्त किया है। डीएम ने अधिकारियों को बधाई दी है, साथ ही भविष्य में यह उपलब्धि बरकरार रखने के लिए कड़ी मेहनत से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम अदिति सिंह ने कहा कि अधिकारियों की कार्य कुशलता के कारण सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिला लगातार प्रदेश की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है। फरवरी माह में भी निर्धारित अवधि के अंदर प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला था। जिलाधिकारी ने इस कार्य के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को बधाई दी है और उनसे अपेक्षा की है कि उनके द्वारा आगे भी सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के अंतर्गत इसी प्रकार की कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनता को सीधे लाभ पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।