रेलवे स्टेशन के पास लगा कूड़े का अंबार
हापुड़। स्वच्छता सर्वेक्षण में भले ही हापुड़ रेलवे स्टेशन मुरादाबाद मंडल में प्रथम स्थान पर रहा हो, लेकिन स्टेशन से सटे आवास विकास कॉलोनी में रेलवे की जगह पर लगे कूड़े के अंबार ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते कई वर्षों से रेलवे स्टेशन के पास कूड़ा डाला जा रहा है। इन दिनों वहां कूड़े के अंबार लग गए हैं। वहां से गुजरने वाले लोगों को भयंकर बदबू से परेशान होना पड़ता है। इस संबंध में कई बार रेलवे और नगर पालिका के अफसरों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन नगर पालिका के अफसर रेलवे की जमीन होने की बात कहकर कूड़ा नहीं हटवा रहे हैं। वहीं रेलवे के अधिकारी भी सुनने को तैयार नहीं हैं। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर कूड़ा हटवाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मनीष, अवनीश, सोनू, नवीन, तुलाराम, विनोद, लालू, कमल, कुलदीप आदि मौजूद रहे। ईओ जितेंद्र कुमार आनंद ने कहा कि टीम को भेजकर सफाई करवाई जाएगी।