जिले में 125 ट्रांसफार्मर फुंके, बिजली व्यवस्था चौपट
हापुड़। जिले में 125 ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था चौपट हो गई है। बिजनौर, मुरादनगर, मेरठ का सहारा लिए जाने के बाद भी इस विकट समस्या से राहत नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों को 48 घंटे के बजाय 10 दिन में ट्रांसफार्मर मिल पा रहे हैं।
योगी सरकार ने देहात अंचल में 48 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदली के आदेश दिए थे। इसके लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया था, जिसपर कॉल करने के 48 घंटे में निगम के कर्मचारी ट्रांसफार्मर बदली करने पहुंचते थे, लेकिन गर्मी का प्रकोप शुरू होते ही सारी योजनाएं धड़ाम हो गई है।
आलम यह है कि देहात अंचल के हर गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली संकट बना हुआ है। सबसे ज्यादा नलकूप पर लगे 25केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर फुंके हैं, जिससे फसलों की सिंचाई करना दूभर हो गया है। हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने के बाद भी राहत नहीं मिलने पर ग्रामीण वर्कशॉप में पहुंच रहे हैं। वहां भी मायूसी हाथ लग रही है।
अफसरों की अनदेखी से समस्या
शासन ने गांवों से ओवर लोडिंग की समस्या को खत्म करने के लिए करोड़ों रुपये की योजना स्वीकृत की थी। अफसरों ने कार्यालय में बैठ कर हवाई रिपोर्ट तैयार कर, शासन को गुमराह कर दिया। आलम यह है कि गांवों में अभी भी पहले ही तरह ट्रांसफार्मर ओवर लोड पड़े हैं, जो फुंककर लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं।
औसतन आ रहे 15 ट्रांसफार्मर
इन दिनों मोदीनगर रोड वर्कशॉप में प्रतिदिन औसतन 15 ट्रांसफार्मर आते हैं। जिन्हें मरम्मत करना स्थानीय वर्कशॉप में संभव नहीं हो पा रहा है। पर्याप्त संसाधन न होने के कारण प्रतिदिन औसतन दो से तीन ट्रांसफार्मर ही ठीक हो पा रहे हैं।
तीन अन्य जिलों का लेना पड़ रहा सहारा
ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए वर्कशॉप अफसरों को बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके बावजूद इन जिलों में भी ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या के चलते खास लाभ हापुड़ को नहीं मिल पा रहा है।
वर्कशॉप निर्माण का कार्य तेज
फिलहाल मोदीनगर रोड वर्कशॉप में ट्रांसफार्मर की रिपेयरिंग के लिए पर्याप्त जगह व संसाधन नहीं है। इस कारण पूरे दिन में दो से तीन ट्रांसफार्मर की ही रिपेयरिंग हो पाती है। अब परिसर में दो नई वर्कशॉप का निर्माण कार्य चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इनके चालू होने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल जाए।
फुंके ट्रांसफार्मर की स्थिति
क्षमता फुंके ट्रांसफार्मर की संख्या
25केवीए 65
10केवीए 4
63केवीए 12
100केवीए 43
वर्कशॉप में तैनात अवर अभियंता शैलेस व राजकुमार सिंह ने बताया कि वह ट्रांसफार्मर की उपलब्धता कराने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। गर्मियों के कारण समस्या बढ़ रही है। जल्द ही लोगों को राहत दिला दी जाएगी।
-----
उधर, गांव सरावनी में डेढ़ महीने से 63केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। इसकी बदली के लिए ग्रामीण कई बार अफसरों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन राहत नहीं मिल सकी है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर, राहत नहीं मिलने पर अफसरों के घेराव की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में जयपाल, जहीर, अमित वर्मा, शराफत, किशनपाल, पूजा कश्यप, आरिफ, निजामु, सोनी, गुलशनवर, नानक आदि मौजूद रहे।