संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में 43 साल का परीक्षार्थी पकड़ा
हापुड़। उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन एक 43 साल का संस्थागत छात्र परीक्षा देता पकड़ में आया। नियमानुसार 19 साल तक का परीक्षार्थी ही संस्थागत छात्र के रूप में पंजीकृत हो सकता है। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बृहस्पतिवार से संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुई। पूठ स्थित महर्षि दयानंद गुरूकुल महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। संस्कृत बोर्ड से संबद्ध जिले में चार विद्यालय हैं, जिनमें कुल 194 छात्र परीक्षा के लिए पंजीकृत थे।
बृहस्पतिवार को प्रथम पाली में संस्कृत काव्य विषय का पेपर था। इस दौरान डीआईओएस गजेंद्र सिंह ने सचल दस्ते के साथ परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इसमें एक 43 साल का परीक्षार्थी संस्थागत छात्र के रूप में पकड़ा गया, उक्त छात्र ततारपुर स्थित संस्कृत विद्यालय से है।
डीआईओएस गजेंद्र सिंह ने बताया कि संस्थागत रूप में 19 साल तक के छात्र को ही पंजीकृत किया जा सकता है। ऐसे में संबंधित प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांग लिया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा नकल विहीन संपन्न हुई। प्रथम दिन पंजीकृत 38 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 31 उपस्थित रहे।