किसकी होगी शराब की दुकान, ड्रा आज
हापुड़। जिले की कुल 244 शराब की दुकानों के आवंटन को लेकर ई- लॉटरी बृहस्पतिवार को जिले के नोडल अधिकारी की मौजूदगी में पुरानी कलक्ट्रेट में निकाली जाएगी। इसके लिए अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। किसी प्रकार के हंगामे को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती भी रहेगी।
जिले में देशी की 131, अंग्रेजी की 52, बीयर की 52 और मॉडल शॉप के नौ दुकानें आवंटित होनी हैं। इन दुकानों के लिए जिले में करीब दो हजार लोगों ने आवेदन किए हैं, जिसका ई-लॉटरी के माध्यम से ड्रा निकाला जाएगा। जिले के नोडल अधिकारी और औद्योगिक विकास के सचिव संतोष यादव मौजूद रहेंगे।
अपर जिलाधिकारी रजनीश राय ने बताया कि एनआईसी के अधिकारियों को स्क्रीन की मदद से लॉटरी प्रक्रिया का लाइव प्रसारण किया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराई जाएगी। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। किसी प्रकार का हंगामा न हो, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र नाथ ने बताया निष्पक्ष रूप से दुकानों का आवंटन कराया जाएगा। सुबह 11 बजे से ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। सभी आवेदकों के नाम स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे और उसके बाद लॉटरी में जिसका नाम निकलेगा, उसको जानकारी दी जाएगी।