बोर्ड के आदेशों की धज्जियां उड़ाने वाले कक्ष निरीक्षकों को चेतावनी
हापुड़। यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के नियमों का उल्लंघन करने वाले कक्ष निरीक्षकों को फिर चेतावनी दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ले जाना वर्जित होने के बाद भी कई कक्ष निरीक्षक बोर्ड के आदेशों को नहीं मान रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस ने पकड़ में आने वाले कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी से हटाने व कड़ी कार्रवाई की फिर चेतावनी दी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता को लेकर इस बार बोर्ड से स्पष्ट आदेश हैं कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल न ले जाया जाए। प्रथम दिन एक छात्र समेत छह कक्ष निरीक्षकों के पास मोबाइल मिला था। इसके चलते तीन कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी से हटाया गया था, लेकिन इस कार्रवाई के बाद अभी भी कक्ष निरीक्षकों का रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। आलम यह है कि परीक्षा कक्षों में कक्ष निरीक्षक धड़ल्ले से मोबाइल फोन लेकर पहुंच रहे हैं। ऐसे में परीक्षा की गोपनीयता पर खतरा बन रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता को लेकर किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। परीक्षा कक्षों में मोबाइल लेकर जाने वाले कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।