किसानों के नाम कर्ज निकालने पर भाकियू ने किया हंगामा
तहसीलदार को ज्ञापन देकर रकम वापस कराकर किसानों को बैंकों से नो ड्यूज दिलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो।
गढ़मुक्तेश्वर। किसानों के नाम पर कर्ज निकालने में की गई धांधलेबाजी के विरोध में भाकियू ने सिंभावली गन्ना विकास समिति परिसर में बुधवार को हंगामा किया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन देकर किसानों ने कर्ज ली गई रकम वापस दिलाकर किसानों को बैंकों से नो ड्यूज दिलाने की मांग की।
बैंकों की सांठगांठ के बल पर गढ़ तहसील क्षेत्र के किसानों के नाम पर सैकड़ों करोड़ का कर्ज फर्जीवाड़े से निकाले जाने के विरोध में भाकियू भानु के कार्यकर्ता सिंभावली में एकत्र हुए। यहां उन्होंने गन्ना विकास समिति परिसर में पहुंचकर हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष पवन हुण ने कहा कि बैंकों की सांठगांठ से बिना बैंक खाते के किसानों के नाम पर पांच सौ का कर्ज निकालकर किसानों की जमीन को बंधक बना दिया गया है, जो बेहद गंभीर मामला है। क्योंकि गरीब किसान जरूरत के लिए कर्ज निकालने को बैंकों में धक्के खाते घूमते रहते हैं, लेकिन कर्मचारियों की सेवा करने के बाद भी उन्हें कर्ज मिल पाना टेढ़ी खीर रहती है। लेकिन किसानों की जानकारी के अभाव में बैंकों ने इतना बड़ा कर्ज उनके नाम पर धोखाधड़ी से निकालकर बड़ी घपलेबाजी की है। इसलिए फर्जीवाड़े से निकाले गए कर्ज मामले में शामिल बैंक अफसरों समेत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संबंधित बैंक समेत शुगर मिल प्रबंधन को घपलेबाजी में शामिल बताकर उनके खिलाफ नारेबाजी की। इसका पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन कार्यकर्ता कार्रवाई कराए जाने की जिद पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही तहसीलदार अजय उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तहसील अध्यक्ष जयवीर सिंह ने उन्हें किसानों की इस समस्या का ज्ञापन दिया। तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि किसानों के नाम पर लिए गए कर्ज की बहुत जल्द अदायगी कराने के साथ ही मामले की जांच कराई जाएगी। इसमें दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जयकरन, सरदार सिंह, नरेंद्र कुमार, शिवराज, धीरेंद्र त्यागी, प्रदीप भाटी, अजय त्यागी, कृष्ण, ओमवीर, बब्लू, धर्मवीर, राज सिंह समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे ।