ग्राम प्रधान और सचिव पर पंचायत के पैसे का दुरुपयोग का आरोप
गांव मोहम्मदपुर के एक व्यक्ति ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर पंचायत के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए शनिवार को डीएम को पत्र भेजा है। व्यक्ति ने दोनों की जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बहादुरगढ़ के गांव मोहम्मदपुर निवासी वकील अहमद ने शनिवार को डीएम कृष्णा करुनेश को एक पत्र भेजा है। पत्र में उसने उल्लेख किया है कि वर्ष 2008-09 में गांव में सीसी रोड और अंडर ग्राउंड नाली का निर्माण कराया गया था।
इसके जरिए गांव का गंदा पानी नाले में गिरता है। वर्तमान ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव उक्त नाली को बंद कराकर नए स्तर से नाली का निर्माण करावा रहे हैं। इतना ही नहीं कई स्थानों पर सीसी रोड के स्थान पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने की तैयारी भी की जा रही है।
युवक का आरोप है कि नए स्तर से नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स रोड बनने के बाद कई मकान सड़के स्तर से नीचे हो जाएंगे। इससे उनके घरों में गंदा पानी भरने की संभावना भी बढ़ जाएगी। वकील अहमद का कहना है कि नाली और सड़क पूरी तरह ठीक हैं,
ऐसे में प्रधान और सचिव ग्राम पंचायत सचिव पंचायत के धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। पीड़ित ने डीएम से मामले की जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की की मांग की है।