गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डहरा स्थित आम के बाग में बुधवार की दोपहर करीब 10 फीट लंबा अजगर निकलने से किसानों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ कर घने जंगल में छोड़ दिया है।
दोपहर के समय किसान गांव के जंगल में अपने कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान गांव कटीरा के निकट स्याना मार्ग किनारे स्थित पूर्व प्रधान मलखान के आम के बाग में राहगीरों को अजगर दिखाई दिया। अजगर निकलने की सूचना मिलते ही ग्रामीण और किसानों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना के काफी देर बाद तक भी टीम बाग में नहीं पहुंची। इस दौरान अजगर रेंगता हुआ पेड़ पर चढ़ गया। इसी बीच वहां पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से अजगर का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर अजगर को पकड़ लिया। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह का कहना है कि अजगर को पकड़वा लिया गया है। जिसे घने जंगल में छोड़ दिया गया है।