बदरखा मोड़ फाटक पर बन रहे रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) ने एक फिर वाहन चालकों को परेशानी में डाल दिया। ब्रिज का लेंटर खुलने के चलते बदरखा फाटक को अगले 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। इसलिए पुराने दिल्ली रोड पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
साथ ही स्याना रेलवे फाटक पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की भी स्थिति बनेगी। इस जाम से दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे भी प्रभावित होगा। बृहस्पतिवार को स्याना फाटक पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
बदरखा मोड़ के रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन आरओबी पर लेंटर डाला गया था। तब भी पुराने दिल्ली रोड पर करीब एक माह तक वाहनों का आवागमन बंद रहा था। अब आरओबी का काम अंतिम चरण पर है, क्योंकि लेंटर को खोला जा रहा है।
इसलिए अगले 10 दिनों तक पुराने दिल्ली रोड को फिर बंद कर दिया गया है। ऐस में सभी वाहनों को लंबा फेर काटकर जाना होगा। पास के स्याना फाटक पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा और लोगों को जाम से जूझना पड़ेगा। बृहस्पतिवार को भी ट्रेनों के आवागमन के चलते स्याना फाटक पर जाम लग गया और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
बदरखा फाटक पर बन रहे रेलवे ओवर ब्रिज का लेंटर खोले जाने से 10 दिनों तक पुराने दिल्ली रोड पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। - आरपी मीणा, स्टेशन अधीक्षक
वाहनों का दबाव बढ़ने पर स्याना फाटक पर बृहस्पतिवार को जाम लगा। जाम निपटने के लिए पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। - सतीश चंद्र पांडेय, डीएसपी