संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव बदरखा में स्थित गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर पहुंचे किसान ने आग बुझाने में जुटा, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग बढ़ती चली गई और करीब दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। भारी नुकसान होने से किसान परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
बदरखा निवासी फहीम ने बताया कि वह रविवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गेहूं के खेत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फहीम अपने भाई शोकीन, मोमीन और अन्य परिजनों को लेकर खेत पर पहुंचा तो देखा कि गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग रही थी। जिसको तीनों भाईयों ने आसपास में मौजूद लोगों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग बढ़ती गई और गेहूं के खेत में खड़ी करीब 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान भाईयों ने बताया कि अन्नदाता अपने परिवार के पालन पोषण के लिए जैसे तैसे कर खेत में कड़ी मेहनत कर फसल तैयार करता है, लेकिन अचानक से इस तरह के हादसे से किसानों को भारी झटका लगता है। पीड़ित किसान ने बताया कि खेत में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। जिसको लेकर तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, जिससे पीड़ित किसानों को आर्थिक मदद मिल सके।
एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बताया कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल द्वारा जांच कराकर हर संभव मदद कराई जाएगी। वहीं कभी कोई आग से संबंधित हादसा होता है तो फायर ब्रिगेड को सूचना देकर मौके पर जरुर बुलाएं।