क्षेत्रीय विधायक गजराज सिंह ने बड़ौदा सिहानी में ग्रामीणों को बताया कि भटियाना सपनावत मार्ग का 1.78 करोड़ की लागत से लोकनिर्माण विभाग बनाएगा। यह मांग बड़ौदा से होकर गुजरेगा और हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी। वह रविवार को गांव बड़ौदा सिहानी में ग्रामीणों की समस्या सुन रहे थे।
विधायक ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 235 से भटियाना-सपनावत मार्ग वाया बड़ौदा सिहानी करीब 15 साल से टूटा पड़ा है। क्षेत्र के हजारों लोगों को इससे जर्जर होने से परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की समस्या को ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात की थी।
ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराते हुए जल्द इस मार्ग का निर्माण कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने बताया कि 1.78 करोड़ रुपये की लागत से इस मार्ग के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण कराएगा और 89.30 लाख रुपये की धनराशि प्रथम किस्त की विभाग को मिल गई है।
बड़ौदा के पास सीसी रोड का भी निर्माण कराया जाएगा और मार्ग निर्माण होने से जलभराव की समस्या से भी ग्रामीणों को निजात मिलेगी। इससे पहले गांव में पहुंचने पर विधायक का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर हसमत ठेकेदार, मोमीन, अरुण चौधरी, रामपाल चौधरी, जावेद, सुमित अग्रवाल, जितेद्र, मुबारक अली, नन्ने, शाहिद राणा, वारीस अली, इस्तेकार, हामीद, अंजार अली, शकील आदि लोग मौजूद थे।