राठ (हमीरपुर)। जरिया थाने के पथखुरी गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई जबकि दंपती सहित चार लोग घायल हुए हैं। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
मुस्करा थाना के भैसाय गांव निवासी सुग्रीव अनुरागी ने बताया कि रविवार सुबह साथी गांव निवासी अमन (24) व रोहित कुमार (27) के साथ जरिया गांव गए थे। शाम को वापस बाइक से लौटते समय पथखुरी रोड पर बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार सभी घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया जहां रोहित कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दूसरी बाइक सवार पवई गांव निवासी जयपाल (50) अपनी पत्नी अनीता (45) के साथ खेत से घर लौट रहे थे जिन्हें सीएचसी से मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। अमन व सुग्रीव का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
रोहित अविवाहित था जो परिजन के साथ ईंट भट्ठों पर काम करता था। उसकी मौत से पिता गिरधारी, छोटे भाई अजय कुमार व मां क्रांति का रो-रोकर बेहाल हैं। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। अभी किसी ने शिकायती पत्र नहीं मिला है।