संवाद न्यूज एजेंसी
बिवांर (हमीरपुर)। बसवारी मौदहा मार्ग पर न्यूरिया गांव में मंगलवार देर रात सड़क किनारे खड़े युवक को एक अज्ञात ट्रक रौंद दिया। जिससे उसकी माैके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं मृतक के पिता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने घटना को हत्या बता घटना स्थल पर शव रख जाम लगा दिया। साढ़े तीन घंटे में दोनों ओर दो किमी लंबा जाम लग गया। सीओ व एसडीएम परिजनों को समझाने में जुटे हैं। थानाक्षेत्र के न्यूरिया गांव में सड़क किनारे देशी शराब ठेका के पास बीती रात करीब साढ़े नौ बजे महोबा जनपद के खन्ना थानाक्षेत्र के ग्योंडी गांव निवासी अमित (45) पुत्र सीताराम अपनी वैन लिए अपने मित्र के साथ खड़ा था। तभी अज्ञात ट्रक उसे कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। घायल युवक की मौके पर मौत हो गई।
पिता सीताराम ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से घटना करने वाले ट्रक का पता लगाने में जुट गई। पोस्टमार्टम होने के बाद गुरुवार शाम पांच बजे परिजन शव घर न ले जाकर घटना स्थल पर पहुंच गए और मौदहा बसवारी मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया दीक्षित ने बताया कि मृतक के पिता का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने उसे ट्रक के सामने धक्का दे हत्या की है। उन्होंने आरोपी की तलाश कर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। जाम की सूचना पर एसडीएम मौदहा राजेश कुमार मिश्रा व सीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक वह सफल नहीं हो सके। आठ बजे तक दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।