बिवांर (हमीरपुर)। कस्बे के जलालपुर मार्ग पर बांधुर बुजुर्ग गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक बाइक में सवार युवक व उसके आठ वर्षीय ममेरे भाई की मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी व दूसरी बाइक में सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में युवक की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर किया है। मृतक अपनी पत्नी को मायके छोड़ने ममेरे भाई के साथ बाइक से जा रहा था। मृतक हेलमेट लगाए था। जबकि दूसरी बाइक चला रहा युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी अमित यादव (25) अपने ममेरे भाई गोलू उर्फ भूपेंद्र (8) के साथ अपनी पत्नी कमलेश (23) को बाइक से उसके मायके मप्र के टीकमगढ़ जिले के जरुआ गांव छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह बिवांर-जलालपुर मार्ग पर बांधुर बुजुर्ग के पास पहुंचा। तभी ललपुरा थाने के नदेहरा गांव से अपनी मां कशीरा (40) को बाइक से लेकर अपने घर लौट रहे चिकासी थाने के इस्लामपुर गांव निवासी रिजवान(18) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों बाइकों में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी छानी में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार कर सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। घायल अमित ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं रिजवान की हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया है। रिजवान की मां को परिजन कानपुर लेकर गए हैं। अमित की पत्नी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
मृतक अमित के भाई अजीत ने बताया कि मुस्करा थाने के चंदौरा का डेरा निवासी मामा जयहिंद का बेटा गोलू कुछ दिन से उनके यहां था। उसे घुमाने के लिए भाई अपने साथ ले जा रहा था। मृतक अमित सुमेरपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था।
दो बाइकों की भिड़ंत में नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया। अभी उसकी शादी के दो माह भी पूरेे नहीं हुए थे। जिला अस्पताल में पत्नी व परिजन दहाड़े मारकर रो रहेे थे। मृतक अमित के भाई ने बताया कि बीते 22 जून को भाई की शादी हुई थी। शादी के बाद पहला रक्षाबंधन व नागपंचमी मनाने के लिए वह भाभी कमलेश को छोड़ने उनके मायके मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जरुआ गांव जा रहे थे। गांव से कुछ दूर निकलते ही घटना हो गई।