राठ (हमीरपुर)। नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला में श्रमिक ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन का आरोप है कि पड़ोसियों की मारपीट से आहत होकर बेटे ने आत्महत्या की है।
पठानपुरा मोहल्ला निवासी गंगाराम ने बताया कि 10 अक्तूबर को पत्नी आशारानी का श्राद्ध है। वह छोटे बेटे को लेकर कार्ड खरीदने बाजार गए थे। इसी बीच सिकंदरपुरा दातागढ़ी के पास रहने वाला बेटा दीपक पासवान (42) पठानपुरा स्थित मकान पर आया जहां उसका पड़ोसियों से विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने बेटे के साथ मारपीट कर दी। जब वह शाम को घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। मारपीट से आहत बेटे दीपक ने सिकंदरपुरा स्थित आवास पर शुक्रवार देर रात फंदा लगा लिया।
शनिवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला। बताया कि बेटा मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी माैत से पत्नी रीना देवी, बेटे कुनाल व बेटी स्नेहा बेहल रहे। कोतवाल अनूप सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जाएगी।