फोटो 19 एचएएमपी 08- मृतक महिला सत्ती देवी की फाइल फोटो। परिजन
पौथिया (हमीरपुर)। राठ-हमीरपुर मार्ग पर ललपुरा थाने से करीब 200 मीटर पहले भैंस चराकर घर लौट रही महिला चरवाहे की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत हो गई। वहीं ई-रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। ललपुरा गांव निवासी मैशवरीदीन की पत्नी सत्ती देवी (48) भैंसों को चराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान ललपुरा की ओर से आ रहे ई-रिक्शा चालक ने सामने आई भैंस को बचाने का प्रयास किया जिससे ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और भैंस को टक्कर मारते हुए सत्ती देवी से जा भिड़ा। हादसे में सत्ती देवी के अलावा ई-रिक्शा सवार शिकरी गांव निवासी रचना पत्नी सुरेंद्र वर्मा, उनका बेटा अर्पित, खन्ना थाना क्षेत्र के ज्ञयोढ़ी गांव निवासी शिवपूजन व संदीप घायल हो गए। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आदित्य सक्सेना मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से सत्ती देवी को नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। बुधवार को कानपुर में इलाज के दौरान सत्ती देवी ने दम तोड़ दिया।
सत्ती देवी के बेटे अभिषेक ने बताया कि हादसे में करीब 45 हजार रुपये कीमत की भैंस की भी मौत हो गई। पति मैशवरीदीन ने बताया कि कानपुर में पत्नी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ललपुरा थाना प्रभारी राकेश कुमार सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और परिजन की शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 19 एचएएमपी 08- मृतक महिला सत्ती देवी की फाइल फोटो। परिजन