भरुआ सुमेरपुर। बाइक और कार में हुई आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार घायल महिला की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में ससुर और उसकी बेटी को भी गंभीर चोटें आई थीं।
बदनपुर निवासी अजय कुमार ने बताया कि उसके पिता राममनोहर अपनी बहू सुनीता पत्नी रमेश चंद्र तथा नातिन आराध्या को इलाज कराने सुमेरपुर बाइक से जा रहे थे। वहां से दोपहर 12 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। मुंडेरा मार्ग पर बदनपुर मोड़ के पहले मुंडेरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी थी और तीनों को कुचलता हुआ भाग निकला था। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
तीनों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को सुनीता की मौत हो गई। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि अज्ञात कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।