मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा क्षेत्र में जंगली सुअर किसानों की जान पर बन रहे हैं। शनिवार को कम्हरिया गांव में वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में खेत में खाद छिड़क रही महिला किसान शकूरा (55) पर जंगली सुअर ने हमला बोल दिया। किसान ने हिम्मत दिखाते हुए भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो पास के खेत से एक ग्रामीण ने मोबाइल पर रिकॉर्ड किया।
शकूरा अपने खेत में काम कर रही थीं तभी फसल को नुकसान पहुंचा रहे सुअर को भगाने की कोशिश की। उल्टा सुअर ने उन पर टूट पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि फसल कटाई के मौसम में जंगली सुअरों का आतंक बढ़ गया है। वन विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों ने एसडीएम और डीएफओ से तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
चार दिन पूर्व परछा गांव में भी ऐसा ही मामला सामने आया। यहां खेत में सिंचाई कर रहे 30 वर्षीय किसान गुल खान पर जंगली सुअर ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।