महोबा मार्ग पर एक ढाबे में खाना परोसने में देरी होने से नाराज युवक ने वेटर को तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल वेटर को कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया गया है। ढाबा संचालक ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के पठनऊ मोहल्ला निवासी हुसैन खां पुत्र अबरार खां ने पुलिस को बताया कि वह महोबा मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास स्थित दाऊजी ढाबे का संचालक है। बताया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे बिगवां निवासी राजू यादव पुत्र मोतीलाल यादव ढाबे में आया और उसने वेटर से खाना मांगा।
वेटर ने खाना लाने में थोड़ी देर कर दी तो राजू गाली गलौज करने लगा। उसने ढाबे में मौजूद वेटर अकरम, नूर, कंधी तथा पप्पू को पीट दिया। थोड़ी देर बाद फिर राजू ढाबे पर पहुंचा और वेटर अकरम पुत्र मकबूल निवासी देवगनपुरा पनवाड़ी को तमंचे से गोली मार दी। गोली उसके चेहरे को छूकर निकल गई।
आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। ढाबा संचालक ने थाने मेें जान से मारने की नियत से फायर करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदेव प्रसाद यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।