कुरारा। क्षेत्र के खरौंज गांव में पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन में एक साल से लीकेज है। जिससे सप्लाई के दौरान गंदा पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। साथ ही रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद होता है। मगर शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं है। खरौंज गांव में एकल पेयजल योजना का नलकूप लगा है। इससे ग्रामीणों को पाइपलाइन से पानी मिलता है।
ग्रामीण निजामुद्दीन के दरवाजे से निकली पाइप लाइन में एक वर्ष से लीकेज के चलते रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। ग्रामीण खुर्शीद, कल्लू मिस्त्री व अन्य ने बताया सप्लाई के दौरान पहले दूषित गंदा व मटमैला पानी आता है। इसकी शिकायत नलकूप चालक व जल संस्थान के कर्मचारियों से की। लेकिन एक साल गुजरने के बाद भी लीकेज को ठीक नहीं कराया गया है। बारिश के मौसम में लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान के अवर अभियंता से लीकेज ठीक कराए जाने की मांग की है। (संवाद)