हमीरपुर। थाना जलालपुर क्षेत्र के ममना गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बिना विभागीय अनुमति वलीमा कार्यक्रम कराने का मामला सामने आया है। मामले में केंद्र पर तैनात फार्मासिस्ट की तहरीर पर आयोजक अमर रिजवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया है।
बृहस्पतिवार की रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रांगण में वलीमा कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें गांव और आसपास के कई लोग शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिसर में कालीन, टेंट का सामान और कचरा फैला रह गया। शुक्रवार सुबह इलाज कराने पहुंचे मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने केंद्र में फैली अव्यवस्था का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि कार्यक्रम स्वास्थ्य केंद्र कर्मियों की जानकारी या सहयोग से कराया गया।वीडियो सामने आने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट गोविंद सिंह ने तहरीर दी। इंस्पेक्टर पवन कुमार पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।