हमीरपुर। बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के तहत जनपद के 20 गांवों को स्ट्रीट सोलर लाइट से रोशन किया जाएगा। चिह्नित प्रत्येक गांवों में प्रकाश व्यवस्था के लिए अधिकतम 10-10 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी।
ग्रीन एनर्जी देने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोग सोलर एनर्जी की तरफ रुचि भी दिखा रहे हैं। जिले की दो विधानसभाओं में कुल 330 ग्राम पंचायतें हैं। बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना 2025-26 का शासन से लक्ष्य आ गया है। योजना के तहत विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों में 150 सोलर लाइट लगाई जाएंगी।
यूपी नेडा विभाग के आरबी ओझा ने बताया कि सांसद, विधायक, एमएलसी और बीडीओ को पत्र भेजकर गांवों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। यह लाइटें सार्वजनिक स्थलों पर लगाई जाएंगी। इससे पथ प्रकाश व्यवस्था ठीक रहे। इसके पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय हाॅट एवं बाजार सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत ग्रामीण बाजारों में 125 लाइटें लगाने का भी लक्ष्य आ चुका है। जनप्रतिनिधि जिन गांवों का प्रस्ताव देंगे। विभाग उन गांव में सोलर लाइट लगाने के लिए सार्वजनिक स्थानों का सत्यापन करेगा।