राठ (हमीरपुर)। नहर में नहाने गया ग्रामीण पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे नहर से बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो गई थी।
कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी शिवप्रसाद ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा मानसिंह (42) गांव के बाहर औंड़ेरा मौजा नहर में नहाने गया था। नहाते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब तक उसे पानी से बाहर निकाला, उसकी मौत हो गई थी।
शिवप्रसाद ने बताया कि मान सिंह उनका इकलौता बेटा था। उनके साथ खेती में हाथ बंटाता था। पति की मौत से पत्नी सत्यभामा, बेटा विपेंद्र, बेटी खुशबू व महक का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर नायब तहसीलदार धनराज गांव पहुंचे व परिजनों से पोस्टमार्टम कराने की बात कही। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।