भरुआ सुमेरपुर। श्री गणेश सेवा समिति के पंडाल में बुधवार रात कानपुर के शिवा शालू ग्रुप के कलाकारों ने देवी-देवताओं की नयनाभिराम झांकियों की जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकियों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। कलाकारों ने शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, क्षीरसागर में विराजमान भगवान विष्णु, बजरंगबली, कृष्ण-सुदामा और महाकाल समेत अन्य झांकियां प्रस्तुत कीं। इस दौरान पंडाल तालियों और जयकारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर समिति की ओर से गणेश महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग के लिए थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल को सम्मानित किया गया। यहां पर नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र शिवहरे, जयकरन सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू, समिति अध्यक्ष अनुभव मिश्रा, संजय ओमर, अनुज शिवहरे, सोनू तिवारी, भार्गव मिश्रा, बाल गोपाल गुप्ता आदि मौजूद रहे। (संवाद)