हमीरपुर में राठ के मझगवां थानाक्षेत्र के गोहानी गांव में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद शव को जलाकर खाईं में फेंक दिया गया। चार दिन बाद इस घटना में पुलिस ने खाईं से महिला के बाल, साड़ी का टुकड़ा व पैर की हड्डी बरामद की है। महिला के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
उधर पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के फांसी लगाने पर उसे जलाकर फेंकने की बात कबूली है। गोहानी निवासी रामस्वरूप खटीक गांव के ही पवन का खेत बटाई पर लेकर खेती करते हैं। फसल की रखवाली के लिए पत्नी शकुंतला (30) के साथ खेत पर ही रात बिताते थे, जबकि पुत्री बिट्टो (10), पुत्र अजय (8), मनीष (5) व कुल्लू (3) गांव में घर में रहते थे।
21 फरवरी को रामस्वरूप ने थाने में पत्नी शकुंतला की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इधर चित्रकूट जिले के राजापुर निवासी मृतका के भाई नरेश व मामा धनराज को मामले में शक हुआ। नरेश ने बताया दो दिनों से वह अपने मामा के साथ बहन की खोजबीन कर रहे थे। मंगलवार दोपहर खेतों में किसी के घसीटे जाने के निशान मिले। निशान का पीछा करते खाई में पहुंचे।