मौदहा (हमीरपुर)। कपसा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात लोडर की टक्कर से मोपेड सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
ग्राम टिकरी निवासी रामबहोरी (48) पुत्र सुखुआ अपने रिश्तेदार फत्तेपुरवा निवासी रामबिहारी (40) पुत्र बोड़ा और छोटे बेटे समीर (18) के साथ रात करीब पौने दस बजे मोपेड से फत्तेपुरवा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात लोडर ने पेट्रोल पंप के पास मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रामबिहारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रामबहोरी और समीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर इचौली चौकी प्रभारी मनोज पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां चिकित्सकों ने समीर को भी मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में रामबहोरी का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक है।
रामबहोरी के अनुसार वह रिश्तेदार रामबिहारी को छोड़ने फत्तेपुरवा जा रहे थे। समीर इंटरमीडिएट का छात्र था। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मृत्यु हुई है। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अज्ञात लोडर की तलाश कर रही है।