हमीरपुर। अचानक मौसम में आए बदलाव के बाद मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान बाधुर खुर्द व खड़ेही लोधन गांव में महिला समेत दो लोग झुलस गए। कुरारा कस्बे में बिजली गिरने से आवासीय कॉलोनी का एक हिस्सा व डामर गांव स्थित मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हुआ है। खेतों में फसले जलमग्न हो गईं। शाम पांच बजे तक 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बिजली गिरने से कुरारा क्षेत्र के डामर गांव में प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर का शिखर क्षति ग्रस्त हो गया। साथ ही मंदिर के गर्भगृह में भी नुकसान हुआ है। मंदिर में दूसरी बार बिजली गिरी है। कुरारा के कालीमंदिर के पास भी आवासीय काॅलोनी में बिजली गिरी। कई पक्षियों भी बिजली की चपेट में आने से मर गए। बिवांर संवाद के अनुसार क्षेत्र के बांधुर खुर्द निवासी रामबाबू कुशवाहा ने बताया कि उसकी पत्नी रोशनी देवी (35) सोमवार को खेतों में अपनी बकरियां चराने गई थी। लौटते समय शाम लगभग साढ़े चार बजे एक पेड़ पर बिजली गिरी, नजदीक खड़ीं रोशनी चपेट में आने से झुलस गई। वहीं, खड़ेही लोधन गांव निवासी शिवसहाय राजपूत भी मसगांव मौजा पर खेतों में भैंस चराते समय बिजली गिरने से झुलस गया। परिजन इलाज के लिए मुस्करा सीएचसी के गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
भरुआ सुमेरपुर संवाद के अनुसार बारिश से फसलों की बुआई पिछड़ेगी। किसान सुरेश यादव, धीरेंद्र कुमार, मानसिंह, उदयभान यादव आदि ने बताया कि ज्यादा बारिश से तिल की फसल को करारा झटका लगा है। ज्यादा बारिश होने के कारण धुंधपुर में नाला उफना जाने से बारिश का पानी घरों में घुस गया है। इससे ग्रामीण परेशान रहे।