हमीरपुर। जन्माष्टमी के साथ ही दुर्गा पूजा और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के नजदीक आने से मूर्ति कारोबारी खुश नजर आ रहे हैं। कारोबार में छाई मंदी अब दूर हो रही है। जिले में जन्माष्टमी पर ही डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार होने का अनुमान है। एक ओर जहां लड्डू गोपाल और कृष्ण-राधा की मूर्तियों की बिक्री बढ़ी है। वहीं, मारबल की मूर्तियों सहित भगवान के वस्त्रों की भी मांग बढ़ी है।
जिले में पहली बार पीतल के साथ-साथ मारबल की मूर्तियों की खासी मांग देखी जा रही है। बाजार में लड्डू गोपाल और कृष्ण-राधा की पीतल की मूर्ति 100 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की मौजूद है। मारबल की मूर्ति 3600 रुपये तक मिल रही है। साथ ही भगवान के वस्त्रों सहित झूले की भी खासी मांग है। इससे जिले के कारोबारियों में उत्साह का माहौल है।
लड्डू गोपाल के 70 जोड़े बिके
लड्डू गोपाल की पीतल की 70 जोड़ी मूर्तियों की बिक्री हो चुकी है। 100 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की मूर्ति मौजूद है। सबसे अधिक 3100 रुपये की मूर्ति की अधिक बिक्री हुई है। साथ ही राधा कृष्ण के वस्त्रों सहित झूला आदि की भी खासी मांग है। करीब एक लाख का कारोबार अब तक हो चुका है। - विनय वाजपेयी, मूर्ति विक्रेता।