राठ (हमीरपुर)। मध्यप्रदेश के रीवा से लोहे की प्लेट लेकर जा रहे ट्रक का बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर टायर फट गया। इससे अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। हादसे में चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपीडा एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। जहां से दोनों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। औरैया जिले के थाना साहिल के वनपुरवा गांव निवासी ट्रक चालक हिमांशु (26) ने बताया कि वह रीवा के अंगुल से लोहे की प्लेट लादकर ट्रक से फरीदाबाद जा रहे थे। धनौरी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे खंड संख्या 116 के पास ट्रक का टायर फट गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
बताया कि ट्रक में सवार खलासी नबलकिशोर (19) भी घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी राठ में भर्ती कराया। जहां से डॉ. अखिलेश सिंह ने दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।