थानाक्षेत्र में अलग-अलग जगहों में आग लगने की घटनाओं में लाखों की संपत्ति राख हो गई। शनिवार शाम लगभग साढ़े चार बजे बिवंार थानाक्षेत्र के उमरी गांव में भूसा पलटते वक्त हाईटेंशन तार छूने से ट्राली में आग लग गई। जलता टायर फटकर एक मकान पर गिर गया, जिससे उसमें भी आग लग गई।
बिवांर प्रतिनिधि के अनुसार थाने के उमरी गांव के पुरंदर सिंह के ट्रैक्टर से चालक सैयद गांव के ही रमेश पुत्र भिखारीलाल का भूसा डाल रहा था। रमेश के दरवाजे पर भूसा पलटते समय ट्राली को चालक सैयद ने ऊपर उठाया। तभी ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार में ट्राली छू गई और ट्रैक्टर के पहिये जलने लगे। चालक कूदकर भाग गया। ट्रैक्टर का अगला पहिया ब्लास्ट होने से आग का पलीता रमेश के खपरैल में जा गिरा। जिससे उसके मकान में आग लग गई। देखते देखते पड़ोस के भूरा व बराती के घरों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इसमें रमेश का लगभग 54 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उसकी दो बकरियां भी मर गईं। जबकि बरातीलाल व भूरा का करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है।
उधर बिवांर थानाक्षेत्र के बांधुर गांव के हड़वारी डेरा में शुक्रवार को रामा केवट के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पीड़ित ने 60 हजार की नगदी और जेवरात जलने की बात कही है। पौथिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के सहुरापुर गांव में रामकिशोर के मकान में आग लग गई। इसमें दो कमरों में रखा गृहस्थी का सामान व गेहूं जलकर नष्ट हो गया। मुस्करा प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के छह थोक निवासी रहीसा पत्नी रहमुददीन के रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। रहीसा ने बताया कि आठ दिन बाद उसके दो पुत्रों की शादी है। लेकिन सब सामान जल गया। उसे करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई है। लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर मुआवजा दिलाने की बात कही है।