हमीरपुर / सरीला । जरिया पुलिस ने मंगलवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास कछवा कलां को जाने वाले मार्ग के पास से चोरी व लूट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से चार कारें, दो देसी तमंचा, दो एंड्रायड फोन व 1650 रुपये नकद बरामद किए। आरोपियों ने जिले के साथ मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में वाहन चोरी व लूट करने की बात स्वीकार की है। वहीं मौके से एक आरोपी भाग निकला।
अपर पुलिस अधीक्षक मायाराम वर्मा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को जरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। जिस पर थानाक्षेत्र अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास कछवा कलां को जाने वाले मार्ग के निकट से चोरी व लूटकर लाई गई चार कारें (दो स्विफ्ट डिजायर, एक इको स्पोर्ट फोर्ड व एक टाटा जेस्ट) आदि सामान बरामद किया है। आरोपियों में कानपुर जनपद के शिवराजपुर थानांतर्गत राजेपुर गांव निवासी हाल मुकाम ग्राम अमूंद थाना जरिया नीशू राजपूत उर्फ रोहित, मुस्करा थाने के गहरौली गांव निवासी आकाश राजपूत व ग्राम धगवां थाना जरिया निवासी कपिल राजपूत शामिल है। मौके से एक आरोपी भाग निकला। जिसके संबंध में थाना जरिया में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपियों को गिरफ्तारी करने वाली टीम में दारोगा रविंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल शिवेंद्र सिंह, कांस्टेबिल संजीव कुमार, शिवम बिरथरे व रविदास अहिरवार शामिल रहे। टीम को एएसपी ने 15 हजार रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
-
कुछेछा में लूट की घटना स्वीकारी
- एएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी नीशू राजपूत उर्फ रोहित पुत्र अविनाश सिंह ने बताया कि चार पहिया वाहनों को अन्य जनपदों सहित मध्य प्रदेश व अन्य प्रदेशों से कूट रचित तरीकों से चोरी, लूट कर अपने अन्य साथियों आकाश, कपिल को बेचने के लिए सुपुर्द कर दिया जाता था। वाहनों को बेचकर अर्जित धन को आपस में बांट लेते थे। इसी क्रम में उनके द्वारा चार वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास कछवाकलां जाने वाले मार्ग पर नर्सिंग मंदिर पहाड़ी के पीछे छिपाया गया था। बताया कि बरामद तमंचा कारतूस के द्वारा वह चारी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।