हमीरपुर। पंचायत सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कृत किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस योजना के लिए थीम नाइन तय की गई है। हर थीम के लिए अलग-अलग अंक निर्धारित हैं। कुल 100 अंकों में से बेहतर अंक हासिल करने वाली ग्राम पंचायतों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना में शामिल होने के लिए एक जून से 10 अगस्त तक हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
शासन का मानना है कि पुरस्कृत की गई पंचायतों को आदर्श पंचायत मानकर अन्य ग्राम पंचायतें भी प्रेरणा लेकर काम करेंगी। जिससे पंचायतों में उत्कृष्ट कार्य करने की प्रतिस्पर्धा पैदा होगी। वहीं सामान्य ग्राम पंचायतों को भी मॉडल ग्राम पंचायतों के रूप में विकसित किया जा सकेगा। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि ग्राम पंचायतों की ओर से संपूर्ण वित्तीय वर्ष 2022-23 में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर निर्धारित प्रश्नावलियों को ऑनलाइन हमारी पंचायत पोर्टल के माध्यम से स्वमूल्यांकन कर 10 अगस्त तक जनपद परफार्मेंस असेसमेंट के लिए फ्रीज किया जाना है।
जिले भर से ग्राम पंचायतों द्वारा किए गए आवेदनों को विभिन्न बिंदुओं के आधार पर जनपद परफार्मेंस असेसमेंट समिति अंतिम रिपोर्ट लगाएगी व बजट अनुमोदित करेगी।
जनपद परफार्मेंस असेसमेंट समिति में डीएम अध्यक्ष, सीडीओ उपाध्यक्ष, डीपीआरओ सचिव, सीएमओ सचिव होंगे। वहीं डीडीओ, जिला अर्थ एवं संख्यकीय अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सदस्य होंगे।
डीडीओ विकास मिश्रा ने बताया कि शासन से निर्देश आ गए हैं। कहा कि मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के तहत सभी ग्राम पंचायतों से एक जून से 10 अगस्त तक आवेदन मांगे गए हैं। कहा कि थीम नाइन के तहत पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा।