मुस्करा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के बिहुनी गांव में दंपती ने एक ही साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों मंगलवार की दोपहर ससुराल से घर लौटे थे। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका।
ग्राम प्रधान बिहूनी खुर्द भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके भांजे सोहन लाल उर्फ छुन्ना (26) पुत्र काशी प्रसाद व उसकी पत्नी समीक्षा (23) अपने घर में छत में लगे कुंडे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्हें मोहल्ले के बच्चों ने शव लटका होने की जानकारी दी थी।
बताया कि छुन्ना अपनी पत्नी के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने ससुराल मौदहा क्षेत्र के करहिया गांव गया था और मंगलवार दोपहर दोनों लौट आए। सोहल लाल के चार भाई व मां कासगंज स्थित ईंट भट्ठों में मजदूरी करते है और घर में दोनों अकेले रहते थे। शाम साढ़े चार बजे छुन्ना को मोहल्ले वासियों ने मोहल्ले में टहलते देखा है। शादी दो साल पहले हुई है और कोई संतान नहीं है। एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला सामने आया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। गांव वालों के अनुसार ससुराल से आने के बाद युवक ने जुआ भी खेला है। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।