कुलपहाड़ (महोबा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कुलपहाड़ में वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान छात्राओं ने गीत, नृत्य व नाटक की प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। छात्राओं को स्मृति चिन्ह और स्वेटर देकर सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया ने विद्यालय भवन के जीर्ण-शीर्ण हालत में पहुंचने पर चिंता व्यक्त की। कहा कि विद्यालय की नई बिल्डिंग का कार्य किसी कारण अभी पूरा नहीं हो सका है। इसको लेकर डीएम से वार्ता की जा चुकी है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही नए भवन में छात्राओं की कक्षाएं लगना प्रारंभ हो। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने छात्राओं को नारी सुरक्षा के तहत विभिन्न जानकारी उपलब्ध कराईं। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष, कोतवाली प्रभारी व भंडरा ग्राम प्रधान रामकरन मिश्रा ने छात्राओं को स्वेटर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. आशुतोष सोनी, प्रधानाचार्य अनीता, ममता शुक्ला, मधुबाला, वंदना गौतम, जयकरन मिश्रा, शिवेंद्र, विवेक रिछारिया, अजय रिछारिया, मोहित द्विवेदी, धीरेंद्र नामदेव आदि मौजूद रहे।