महोबा। बिलबई-बरातपहाड़ी मार्ग पर पुलिया में फंसी भैंस को निकालने के लिए काटी गई सड़क को अधिकारी दोबारा बनाना भूल गए हैं। चार दिन से 12 गांवों का आवागमन ठप है लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं हैं। ऐसे में प्राचीन काकुन मंदिर समेत अन्य गांवों में जाने वाले लोगों को 20 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
शहर के बिलबई तिराहे से बरातपहाड़ी, बरी होते हुए काकुन-कबरई मार्ग में जुड़ने वाली सड़क बरातपहाड़ी गांव के पास 19 जुलाई की शाम काट दी गई थी। यहां अर्जुन सहायक नहर के किनारे पानी की निकासी के लिए बनी पुलिया में एक भैंस के फंस जाने से जलभराव हो गया था। लोगों के घरों में पानी भरने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने पहले गोताखोरों और फायर ब्रिगेड के माध्यम से पुलिया में फंसी भैंस को निकलवाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली तो यहां भरे पानी को निकालने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने सड़क को कटवा दिया था।
अब यहां का पानी निकल गया है लेकिन काटी गई सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया। इससे क्षेत्र के बरी, भटेवर, बम्हौरीकाजी, पिपरा, शिवहार, कमलखेड़ा, सलुआ, कनेरी, पाठा, गढ़ारी, काकुन समेत 12 से अधिक गांवों का आवागमन बाधित है। मंगलवार को काकुन के हनुमान मंदिर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा वहीं स्कूली वाहनों का भी आवागमन प्रभावित रहा।
रामदयाल, प्रमोद, पप्पू, दिनेश आदि ग्रामीणों का कहना है कि भैंस निकालने के लिए सड़क तो काट दी लेकिन अब उसे दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मुख्यालय से काकुन जाने में उन्हें 20 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे उनके रुपये और समय की बर्बादी हो रही है। उधर, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता रवि गुप्ता का कहना है कि सड़क निर्माण का काम लोक निर्माण विभाग कराएगा। इसको लेकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात हुई है। एक-दो दिन में सड़क को दुरुस्त करा दिया जाएगा।