- धूल, धुएं और प्रदूषण से बढ़ रही समस्या, रोज 15 से 20 मरीज पहुंच रहे
फोटो 17 एचएएमपी 01- जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज को देखते ईएनटी सर्जन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। ठंड बढ़ते ही साइनोसाइटिस (नाक में संक्रमण) के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। जिला अस्पताल के नाक-कान-गला विभाग में रोजाना 15 से 20 मरीज पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी ईएनटी विभाग में मरीजों की भीड़ लगी रही।
वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. विकास यादव ने बताया कि सोमवार को ओपीडी में करीब 80 से अधिक मरीज देखे गए हैं। मौसम परिवर्तन, धूल और वायु प्रदूषण के कारण साइनस की झिल्लियां सूज जाती हैं, इससे एक्यूट साइनोसाइटिस के मामले बढ़ गए हैं। रोजाना ऐसे 15-20 मरीज आ रहे हैं। इससे पीड़ित मरीजों को तेज बुखार, सिर दर्द, चेहरे पर भारीपन, नाक बंद होना और गाढ़े बलगम की शिकायत होती है।
इसके अलावा फंगल साइनोसाइटिस के दो-तीन मरीज आ रहे हैं। ये बिल्कुल अलग तरह की बीमारी है। इससे आंख व गाल में भी सूजन आ जाती है। इससे गंध महसूस नहीं होती है। समय पर इलाज न हो तो यह क्रॉनिक साइनोसाइटिस में बदल सकता है। मरीजों को एंटीबायोटिक्स, एंटी-हिस्टामाइन, स्टीम, नेजल स्प्रे और जरूरत पड़ने पर साइनस वॉश की सलाह दी जा रही है। गंभीर मामलों में सीटी स्कैन करवाया जाता है।
ऐसे करें बचाव
ठंड से बचाव करें और मास्क पहनें। धुएं और धूल से दूर रहें। नाक को बार-बार साफ करते रहें। बुखार व सिर दर्द होने पर चिकित्सक से सलाह लें।