एसपी को जानकारी देता जालौन का पीड़ित परिवार।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर। कुरारा पुलिस की लापरवाही से बच्ची की जान जाने का आरोप लगाया गया है। कदौरा निवासी पीड़ित परिवार शुक्रवार को एसपी से मिला और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित बच्ची के शव के साथ एसपी से मिलने आए थे। एसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए न्याय का भरोसा दिया है। जालौन जिले के कदौरा थानाक्षेत्र के व्यासपुरा निवासी शैलेंद्र सिंह उर्फ सन्नी परिजनों के साथ शुक्रवार की सुबह बच्ची का शव लेकर एसपी एके सिंह से मिलने आया। उसने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसके भाई बालेंद्र सिंह उर्फ नीतू सिंह की नौ जुलाई को अज्ञात लोगों हत्या कर दी गई थी जिसका मुकदमा कदौरा थाने में दर्ज है।
बताया कि उसके मृतक भाई की 10 माह की पुत्री साक्षी हृदयरोग से करीब पांच माह से पीड़ित है। गुरुवार को वह अपने छोटे भाई मोनू सिंह के साथ भतीजी साक्षी को इलाज के लिए छत्तीसगढ़ लेकर जा रहे थे। तभी शाम करीब पांच बजे कुरारा थाने के दारोगा अपने हमराहियों के साथ उसके घर आए और उसे जबरन उठा ले गए। आरोप लगाया कि मोनू कुरारा थाने पता करने गया तो पुलिस ने उसे भी थाने में बैठा लिया। मोनू ने बताया कि उसने पुलिस से मन्नतें कर छोड़ने को कहा और यह भी कहा कि भतीजी का इलाज कराने जाना है मगर पुलिस ने नहीं छोड़ा जिससे इलाज के अभाव में उसकी भतीजी साक्षी की मौत हो गई।
पीड़ित ने बताया कि जिस व्यक्ति के आरोप पर कुरारा पुलिस ने उसे पकड़ा था उन लोगों ने पुलिस को बताया था कि शैलेंद्र निर्दोष है। उसके बावजूद पुलिस ने नहीं छोड़ा। पीड़ित ने मामले की जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने बच्ची का यमुना नदी में अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, थानाध्यक्ष भगवती प्रसाद मिश्र ने बताया कि थानाक्षेत्र के लहरा से युवक के अपहरण का मामला बीते 22 अगस्त को दर्ज किया गया था। इसमें हमीरपुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरौली गांव निवासी पूजा सिंह लहरा गांव निवासी भाई अनूप सिंह को बीते 12 अगस्त को जनपद जालौन के थाना कदौरा कस्बा से अपह्त करने पर गांव निवासी घनश्याम उसक ा पुत्र अंकित, गब्बर सिंह, अनिल व सोनू पर अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि इसी सिलसिले में पूछताछ को लाया गया था।