भरुआ सुमेरपुर। श्री गायत्री तपोभूमि परिसर पर जन्मदिन पार्टी के बहाने अश्लील नृत्य कराने के मामले में पुलिस ने हिंदू संगठनों की तहरीर पर कार्यक्रम के आयोजक से पूछताछ की है। शनिवार को हिंदू संगठनों के पदाधिकारी थाने पहुंचकर पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का दबाव बनाते हुए कार्यवाही की मांग की।
25 दिसंबर की रात कस्बे के सेवानिवृत शिक्षक बद्री प्रसाद गुप्ता ने अपने नाती के जन्मदिन पर भव्य पार्टी का आयोजन श्री तपोभूमि परिसर में किया था। इसमें लखनऊ से आए आर्केस्ट्रा कलाकारों ने मंच पर अश्लील डांस शुरू कर दिया। इसकी भनक हिंदू संगठनों को लगी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध जताते हुए पुलिस को बुलाकर कार्यक्रम को रुकवा दिया था। शनिवार को पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजक के पुत्र अमन गुप्ता आदि को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं शनिवार को हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर पुलिस पर दबाव बनाते हुए कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों को दिया है।