मौदहा (हमीरपुर)। कब्रिस्तान व श्मशान घाट की भूमि पर अवैध कब्जे हटाने की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से लोग अनशन पर बैठे हैं। अधिकारियों के सुध न लेने पर गुरुवार को करीब एक दर्जन अनशनकारियों ने मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखकर भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के सिचौली पुरवा मोहल्ल की कब्रिस्तान व श्मशान घाट की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों ने समाज सेवी शादाब हुसैनी व सभासद बाबूराम के नेतृत्व में अनशन की चेतावनी दी थी। तहसीलदार, सीओ व एसडीएम के नेतृत्व में उक्त भूमि की नाप कर अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी करने की बात कही गई थी। कार्यवाही न होने पर लोगों ने 13 अगस्त से आमरण अनशन शुरू कर दिया था। अभी तक किसी अधिकारी के सुध न लेने से नाराज अनशनकारियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर भूमाफियाओं के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की है। इस मौके पर इदरीस खान, शैलेंद्र सहित अन्य कई अनशनकारी मौजूद रहे।