राठ। नवीन फल व सब्जी मंडी में व्यापार संचालित न होने से आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार को तहसील में सब्जी की दुकानें लगाकर विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम को संबोधित ज्ञापन मंडी सचिव को सौंपा।
नवीन सब्जी मंडी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला ने बताया चार साल पूर्व कोट बाजार से थोक सब्जी व फल मंडी स्थानांतरित की गई थी। अधिकांश व्यापारी शासन के निर्देश पर नवीन सब्जी मंडी पहुंच गए। वहीं कुछ व्यापारियों ने उरई रोड पर अवैध रूप से मंडी बना ली। जिससे मंडी में व्यापार पूरी तरह से ठप हो गया है। शासन की ओर से सब्जी मंडी में व्यापार चालू न कराए जाने से व्यापारी कर्ज में डूबता जा रहा है। शासन प्रशासन स्तर से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मांग पूरी न होने पर 10 दिन बाद तहसील में अनशन करेंगे। फिर भी यदि बात नहीं बनी तो सभी व्यापारी जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च कर डीएम कार्यालय में आमरण अनशन करेंगे। संतोष महाराज, मलखान सिंह, अरविंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, राजेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, दीनदयाल, शैलेंद्र कुमार आदि आढ़ती मौजूद रहे।